Goa गोवा : मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मोपा) में पार्किंग शुल्क वृद्धि के खिलाफ स्थानीय कैब चालकों का प्रदर्शन देखने को मिला। एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़ी जीएमआर कंपनी द्वारा स्थानीय टैक्सी चालकों के लिए पार्किंग शुल्क को 80 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए करने के फैसले के खिलाफ टैक्सी चालक संघ ने जोरदार विरोध किया।विरोध इतना तीव्र था कि सैकड़ों टैक्सी चालक, उनके परिवार और समर्थक एयरपोर्ट के इलाके में घुस गए। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने घेराबंदी तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान गोवा फॉरवर्ड पार्टी और अन्य स्थानीय संगठनों के पदाधिकारी भी मार्च में शामिल हो गए।
प्रदर्शन की अगुवाई गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई, रिवोल्यूशनरी गवर्नमेंट पार्टी के मनोज परब और टैक्सी यूनियन के प्रमुख पदाधिकारियों ने की। मार्च में महिला टैक्सी चालक और उनके परिवार भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। उन्होंने पार्किंग शुल्क की वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, "हमारा परिवार एयरपोर्ट पर निर्भर है, लेकिन यह बढ़ोतरी हमें बर्बाद कर देगी।" टैक्सी चालक संघ का कहना है कि यह शुल्क वृद्धि न केवल उनकी आजीविका पर असर डालेगी, बल्कि पर्यटकों को भी महंगाई का सामना करना पड़ेगा।
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट के अंदर घुसने की कोशिश की। उन्होंने मांग नहीं मानने की स्थिति में और उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, "हमारे विधायक डांडिया में व्यस्त हैं, जबकि हमें अपनी मांगें मनवाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।"
बता दें कि यह विवाद कोई नया नहीं है, पिछले वर्ष जुलाई में भी जीएमआर ने पार्किंग शुल्क 80 रुपए से 200 रुपए प्रति 30 मिनट कर दिया था, जिसके खिलाफ टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन किया था। तत्कालीन पर्नेम विधायक प्रवीण अर्लेकर ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से हस्तक्षेप करवाकर शुल्क कम कराया था। अप्रैल 2025 में भी शुल्क वृद्धि के खिलाफ शिव वॉरियर्स टैक्सी एसोसिएशन ने विरोध किया था, जिसमें स्थानीय लोगों ने भूमि अधिग्रहण के नाम पर धोखा होने का आरोप लगाया। टैक्सी चालक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शुल्क वापस नहीं लिया गया, तो प्रदर्शन और तेज होगा।
Tags: