जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवकों पर चाकू से हमला, तीन घायल

छग

Update: 2026-04-11 08:02 GMT
Bhilai. भिलाई। शहर के सेक्टर-6 क्षेत्र में देर रात जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन युवक घायल हो गए, जबकि एक युवक का मोबाइल फोन छीनकर आरोपी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, रूआंबांधा निवासी प्रमोद कुमार बंजारे अपने दोस्तों के साथ 9 अप्रैल की रात कोहका में अपने दोस्त समीर डहरिया का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। सभी युवक तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर घर वापस जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे जेपी चौक से 2.5 मिलियन चौक के बीच सेक्टर-6 सी मार्केट मछली बाजार के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के पास खतरनाक तरीके से कट मार दिया।

इस पर जब पीड़ित पक्ष ने टोका-टाकी की तो आरोपियों ने बाइक रोक दी और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार निकालकर हमला कर दिया। हमले में प्रमोद बंजारे के पैर और पेट के नीचे चोट आई, जबकि उसके साथी सोमनाथ के हाथ और डिकांत के जांघ में गंभीर चोटें आईं। तीनों को मौके पर ही गंभीर चोटें लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सभी घायल युवक किसी तरह थाने जाने के लिए निकले, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा करना जारी रखा। इसी दौरान उन्होंने चलते वाहन से झपट्टा मारकर सोमनाथ के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

इसके बाद परिजनों की सलाह पर 10 अप्रैल को थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पीड़ित की शिकायत पर भिलाई भट्टी पुलिस ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 296, 3(5) और 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Tags:    

Similar News