Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने टाटीबंध रिंग रोड पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना 25 अप्रैल 2026 की है। आमानाका थाना में पदस्थ उप निरीक्षक झाम सिंह राजपूत अपनी टीम के साथ टाउन पेट्रोलिंग और आरोपियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाटीबंध रिंग रोड पर एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा रहा है और इलाके में दहशत फैला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश कुशवाहा पिता सोमनाथ कुशवाहा, उम्र 29 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर मोहबा बाजार थाना आमानाका रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। जब आरोपी से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू को जब्त कर लिया।
जब्त चाकू की कुल लंबाई लगभग 12 इंच बताई गई है, जिसमें फल की लंबाई करीब साढ़े 7 इंच और मूठ की लंबाई साढ़े 4 इंच है। चाकू के मूठ में हरे और पीले रंग का प्लास्टिक लगा हुआ है। पुलिस ने मौके पर ही विधिवत पंचनामा तैयार कर चाकू को सीलबंद किया। आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसके अधिकारों और गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया तथा उसके परिजनों को भी सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था, जो कानूनन गंभीर अपराध है। मामले में देहाती नालसी के आधार पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के साथ गवाह के रूप में रोशन सिंह और ललित सिन्हा को शामिल किया गया था, जिनकी उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। घटना के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।