Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम झारपारा की है, जहां आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 29 अप्रैल की है। पीड़ित जोगेंद्र बढ़ई (50 वर्ष), निवासी झारपारा अपने घर पर लकड़ी का काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा वहां पहुंचे और उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते हुए गाली-गलौज करने लगे।
जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो दोनों भाइयों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर जोगेंद्र बढ़ई को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस पूरी घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और पुलिस हरकत में आई। पीड़ित ने 11 मई को बागबहार थाने में पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर सभी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन बंजारा (35), दिनेश बंजारा (42), भगवती बंजारा (60) और अंजुलता बंजारा (31) शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी पड़ोसी हैं तथा उनके बीच पहले से ही छोटे-छोटे विवाद चलते आ रहे थे, जो इस घटना के दौरान हिंसक रूप ले गए। जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और तुरंत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, आरक्षक अजय खेस, यशवंत सिदार, पवन पैंकरा और महिला आरक्षक शांति लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।