युवा फेस्ट-2026 में धमतरी में दिखी युवाओं की प्रतिभा, विधायक अजय चंद्राकर ने बढ़ाया उत्साह

छग

Update: 2026-04-26 16:50 GMT
Dhamtariधमतरी। जिले के बीसीएस पीजी कॉलेज परिसर में चल रहे दो दिवसीय “युवा फेस्ट-2026” के दूसरे दिन आज पूरे परिसर में उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों और गतिविधियों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने स्टार्टअप, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी कार्यशालाओं को देखा और कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नई दिशा देने का काम करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान इतिहास, आर्ट, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पहनावा और पारंपरिक श्रृंगार से जुड़े स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विधायक ने इन सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू सहित कई जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विधायक को पहले दिन की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और दूसरे दिन की रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष युवा फेस्ट में लगभग 30 अलग-अलग विधाओं में प्रतियोगिताएं और प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है, जिसमें पोस्टर, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का उपयोग किया गया है।

इसके चलते धमतरी के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों से भी प्रतिभागियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया है। पहले दिन की गतिविधियों में विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक रहा। पूरे महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनों और विभिन्न स्टॉलों की रौनक रही। एआई वर्कशॉप, वीडियो एडिटिंग वर्कशॉप और कैनवा वर्कशॉप को छात्रों ने काफी रुचि के साथ देखा और भाग लिया। इसके साथ ही लोक कलाकार आरू साहू की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। खुले मंच की व्यवस्था भी इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही, जहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। कई छात्रों ने गायन, नृत्य और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

विधायक अजय चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा फेस्ट जैसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और रचनात्मक क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन उन्हें आत्मविश्वास देते हैं और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने कौशल को लगातार निखारते रहें और राज्य एवं देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और इस तरह के आयोजनों को लगातार जारी रखने की बात कही।
Tags:    

Similar News