मंदिरहसौद में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-30 12:34 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत पलौद गांव में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सरस्वती भारती, पति स्वर्गीय शिव कुमार भारती, निवासी उड़ियापारा पलौद मंदिर हसौद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दिनांक 29 मई 2026 की रात करीब 9 बजे उनके पुत्र तोषक भारती पर गांव के करण ध्रुव एवं विधि से संघर्षरत एक बालक ने हमला किया।

बताया गया कि यह विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा था। आरोप है कि मृतक को उसकी बहन और उक्त बालक के बीच हो रही बातचीत पर संदेह था, जिसे लेकर पहले से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान आरोपियों द्वारा चाकू से हमला किया गया, जिससे तोषक भारती गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पेट्रोलिंग टीम ने घायल को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आरंग भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना मंदिर हसौद में इस मामले में अपराध क्रमांक 248/26 के तहत धारा 103(1), 3(5) BNS के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस ने नामजद संदेहियों करण ध्रुव एवं विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। कुछ अज्ञात ग्रामीणों द्वारा संदेहियों के घर और एक पुरानी स्कूटी को नुकसान पहुंचाने की भी जानकारी सामने आई है। इस घटना को लेकर पुलिस ने अलग से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इस घटना ने इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News