Khairagarh. खैरागढ़। जिले के गंडई थाना क्षेत्र में एक मकान में चोरी की नीयत से घुसे युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। परिवार झांकी कार्यक्रम देखने के लिए घर में ताला लगाकर गया था। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर ताला तोड़कर मकान में घुस गया। अचानक बारिश होने के कारण परिवार निर्धारित समय से पहले घर वापस पहुंचा तो बाहर का ताला और सांकल टूटा मिला। अंदर से खिड़की तोड़ने की आवाज आने पर परिजनों ने पड़ोसियों को बुलाया और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। घटना 12 सितंबर 2026 की रात कोपेभाठा गोंडवाना मैदान के पास की बताई जा रही है।
बच्चों के साथ झांकी देखने गया था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोपेभाठा गोंडवाना मैदान में झांकी का कार्यक्रम चल रहा था। प्रार्थिया अपने परिवार और तीन बच्चों के साथ रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने गई थी। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण परिवार रात करीब 11:30 बजे वापस घर पहुंचा। घर पहुंचते ही परिजनों को कुछ गड़बड़ नजर आई। मकान के बाहर लगी सांकल और ताला टूटा हुआ था, जबकि दरवाजा अंदर से बंद मिला।
अंदर से आई खिड़की तोड़ने की आवाज
परिवार के सदस्य अभी स्थिति समझने की कोशिश कर रहे थे कि मकान के अंदर से खिड़की तोड़ने की आवाज सुनाई दी। इससे उन्हें घर के भीतर किसी व्यक्ति के मौजूद होने का संदेह हुआ। इसके बाद प्रार्थिया ने तत्काल अपने देवर अशोक पटेल और आसपास के पड़ोसियों को आवाज देकर बुलाया। लोगों के जमा होने के बाद डायल 112 को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस पहुंची तो घर में मिला आरोपी
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर जांच करने पर मोहल्ले का ही एक युवक मिला, जिसे पुलिस ने तत्काल पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान शब्बू उर्फ अब्बास खान, पिता लतीफ खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 3 पंडरिया गंडई के रूप में की है।
गैर जमानती धारा में मामला दर्ज
गंडई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ गवाहों के बयान दर्ज किए और उपलब्ध साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक विवेचना में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 13 सितंबर 2026 को दोपहर 2:10 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में लगाई गई धारा गैर जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। गंडई पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।