Raipur. रायपुर। राजधानी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.800 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त पश्चिम रोबिनसन गुड़िया के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरजू बांधा तालाब के पास एक युवक अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बताए गए स्थान की घेराबंदी की।

थैले में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस टीम ने मौके पर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद पीले रंग के थैले से खाकी टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे का वजन 1.800 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आर्यन उर्फ हिमेंद्र ठाकुर (19 वर्ष) पिता स्वर्गीय इंदरकुमार ठाकुर, निवासी यादव मोहल्ला, सत्यनारायण मंदिर के पास टिकरापारा रायपुर बताया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 842/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इस कारोबार में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags: