Kanker. कांकेर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन उजियारा’ के तहत पखांजूर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है। पुलिस का आरोप है कि युवक अवैध रूप से हाथभट्ठी में बनी महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। उसके कब्जे से आठ लीटर महुआ शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 960 रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा की पहल पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन उजियारा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे और एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पीवी-60 यशवंतनगर निवासी सुकुमार मल्लिक अपने पास महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। पुलिस टीम ने पीवी-08 चाणक्यपुरी से पीवी-31 की ओर जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी की। यहां संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान उसके कब्जे से आठ लीटर हाथभट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत 960 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। आरोपी की पहचान सुकुमार मल्लिक (30), निवासी पीवी-60 यशवंतनगर के रूप में हुई है। पखांजूर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 155/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक पीपल राज कंवर, सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम ठाकुर, आरक्षक बशीर खान, सरोजीत विश्वास और आरक्षक पवन सोन की भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब, मादक पदार्थों और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन उजियारा’ के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।