विधानसभा इलाके में युवक की बेरहमी से हत्या

छग

Update: 2026-03-04 13:06 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में जहां होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हिंसा की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया। रायपुर जिले के आरंग, खरोरा और विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरबंदा में हुई इन वारदातों में तीन युवकों की हत्या कर दी गई। घटनाओं के बाद गांवों में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पहली घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम बरबंदा की है। यहां दिनेश विश्वकर्मा की गांव के तीन युवकों ने कथित रूप से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि होली के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने दिनेश पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी वारदात खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में सामने आई। यहां 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होली खेलने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ युवकों ने मोहित पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मोहित ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गए। खरोरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है और आसपास के गांवों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीसरी घटना आरंग क्षेत्र में हुई, जहां होलिका दहन के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुबह रंग खेलने के दौरान नीरज लोधी नामक युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम तक मामला शांत दिख रहा था, लेकिन रात में फिर से विवाद भड़क उठा और मारपीट के दौरान नीरज पर घातक हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
आरंग में हत्या के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को समाज के हवाले करने की मांग को लेकर पुलिस का
घेराव कर
दिया। बड़ी संख्या में लोग आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए। स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांति बनाए रखने की अपील की है। तीनों घटनाओं ने होली जैसे पर्व पर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में अलग-अलग जांच टीमें गठित की गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांवों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News