कोरबा में शराब पीने से मना करने पर युवक पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस

छग

Update: 2026-07-13 17:41 GMT
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस बस्ती में शराब पीने से रोकने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि 10 से 12 युवकों ने रॉड, ईंट और पत्थरों से युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गहरी चोट लगने के बाद पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंप हाउस बस्ती निवासी योगेश श्रीवास अपने परिवार के साथ रहता है। देर रात उसके घर के पास कुछ युवक एकत्रित होकर शराब पी रहे थे और तेज आवाज में हंगामा कर रहे थे। इससे परिवार के लोगों को परेशानी हो रही थी। योगेश ने युवकों को वहां शराब पीने से मना किया और शांति बनाए रखने की समझाइश दी। बताया जा रहा है कि युवकों को योगेश का विरोध पसंद नहीं आया और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते शराब के नशे में मौजूद युवकों ने योगेश पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पास में रखे रॉड, ईंट और पत्थर उठाकर उसके सिर और शरीर पर वार किए। अचानक हुए हमले से योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
किसी तरह अपनी जान बचाकर योगेश वहां से निकला और देर रात सीएसईबी चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट होने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंप हाउस और 15 ब्लॉक क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा करने और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी 15 ब्लॉक क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसी बीच कोरबा जिले में एक अन्य मामले में गौ तस्करी के संदेह में पिकअप चालक के साथ मारपीट का आरोप सामने आया है। पीड़ित चालक सोनू शर्मा ने आरोप लगाया है कि 7 से 8 लोगों ने उसे रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से पीटा।
जानकारी के अनुसार, सोनू शर्मा जशपुर से घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहा था। बताया गया कि एक शिक्षक के तबादले के कारण उनका घरेलू सामान पिकअप वाहन में लोड कर शिफ्ट किया जा रहा था। वाहन में पलंग, अलमारी, बर्तन और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, शनिवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी के पास कुछ लोगों ने उसका वाहन रुकवाया। इसके बाद वाहन की तलाशी लेते हुए उस पर गौ तस्करी का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला किया, जिससे सोनू शर्मा के सिर, चेहरे और पीठ पर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सोनू शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में चिंटू और सन्नी सहित कुछ लोगों के नाम बताए हैं। उसका आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद घायल चालक सिविल लाइन थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News