इंस्टाग्राम रील में ईयरगन दिखाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-11 14:38 GMT
Raigarh. रायगढ़। सोशल मीडिया पर हथियारनुमा ईयरगन के साथ रील पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रायगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया और धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में त्वरित कदम उठाए। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक द्वारा गन के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की सूचना एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आई थी। वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। पुलिस के अनुसार, इस प्रकार का प्रदर्शन आमजन में भय और दहशत का वातावरण निर्मित कर सकता है, जिसे कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से गंभीर माना गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को संबंधित इंस्टाग्राम आईडी धारक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा की गई जांच में इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक की पहचान वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया निवासी दीदार अली के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह भी पुष्टि हुई कि दीदार अली वर्तमान में धरमजयगढ़ के बेहरापारा क्षेत्र में अपने जीजा के घर रह रहा है। वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था, जिससे स्थानीय स्तर पर भी लोगों में असहजता की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई। इसके बाद टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में खरसिया एवं धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक को तलब कर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान अनावेदक दीदार अली पिता निषार अली, उम्र 33 वर्ष ने पुलिस को बताया कि रील में प्रयुक्त हथियार छर्रावाला ईयरगन है, जिसके लिए वैधानिक रूप से लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि भले ही ईयरगन के लिए लाइसेंस जरूरी न हो, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर उसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित करना तथा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना शांति एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित है। धरमजयगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर दहशत का वातावरण निर्मित करने के कारण युवक के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही युवक को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश भी दी गई।


इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन कर भय या दहशत फैलाने का प्रयास करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस की “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल” विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर निरंतर निगरानी रखे हुए है। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली या समाज में
गलत संदेश
देने वाली गतिविधियों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर बढ़ती सक्रियता के बीच इस प्रकार की घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा की जा रही मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग करते समय कानून और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखें।
Tags:    

Similar News