अभनपुर में इनोवा से कुचलकर युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-17 13:57 GMT
Raipur. रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में 15 जनवरी 2026 को हुए सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला रोडरेज से शुरू होकर युवक की नृशंस हत्या में तब्दील हो गया, जिसमें आरोपियों ने इनोवा कार से कुचलकर युवक की जान ले ली। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 103 (1), 296, 115 (2), 191 (2) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। घटना 15 जनवरी 2026 की दोपहर लगभग 3 बजे की है, जब मोनफोर्ट स्कूल के पास एनएच-30 के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर थाना अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मौके पर शव की पहचान ग्राम केंद्री निवासी कैलाश तिवारी के रूप में हुई। मृतक के भाई कौशल तिवारी की रिपोर्ट पर बिना नंबरी मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं मर्ग जांच की कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वाहन को धक्का देकर पेट्रोल पंप की ओर ले जा रहा था।

इसी दौरान अभनपुर की ओर एनएच-30 पर रॉन्ग साइड से आ रही इनोवा कार ने एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब कैलाश और उसके दोस्तों ने वाहन चालक को ठीक से गाड़ी चलाने की बात कही, तो कार सवार कुछ दूरी पर वाहन रोककर नीचे उतरे और गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्का व ठोस वस्तुओं से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान कैलाश के साथ मौजूद अजय नामक युवक ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया, जिससे कार सवार लोग वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद दो-तीन अन्य लोग मौके पर पहुंचे और फिर से गाली-गलौच व मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हेमंत साहू के सिर और हाथ में चोट आई। जान बचाने के प्रयास में कैलाश और उसके साथियों ने फिर चाकू से हमला किया, जिससे कुछ लोगों को चोटें आईं।

इसके बाद सभी आरोपी अपनी कार में बैठकर भागने लगे। तभी कैलाश तिवारी ने कार के सामने आकर वाहन रोकने का प्रयास किया। इसी समय इनोवा कार चालक डिलेश मंडावी ने अपने साथियों लिलेश सेन, चंदन यादव, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू, मनीष साहू और रितेश उर्फ रिंकू साहू के साथ मिलकर हत्या की नीयत से कार को कैलाश के ऊपर चढ़ा दिया। कार की चपेट में आने से कैलाश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में
अपराध पंजीबद्ध
कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी डिलेश मंडावी, लिलेश सेन, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू और मनीष साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इनोवा कार क्रमांक CG-04-NF-8602 को आरोपी डिलेश मंडावी से गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पांचों आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में दो आरोपी चंदन यादव और रितेश उर्फ रिंकू साहू की गिरफ्तारी अभी शेष है, जिनकी तलाश जारी है।
Tags:    

Similar News