प्रेम संबंधों के तनाव में युवक ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

छग

Update: 2026-05-25 13:42 GMT
Sarguja. सरगुजा। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मणगढ़ में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश सिरदार के रूप में हुई है। बताया गया कि मुकेश ने बीती रात अपने घर के मयार में साफे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवक के प्रेम संबंधों को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसका पहले से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी बीच कुछ दिन पहले वह जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई से एक नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर आया था, जो 10वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोनों मामलों में एक साथ संबंध बने रहने और बढ़ते तनाव के कारण युवक मानसिक दबाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार युवक सामान्य स्वभाव का था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह परेशान रहने लगा था। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला संवेदनशील है, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। नाबालिग लड़की से जुड़े पहलुओं की भी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Tags:    

Similar News