कोरबा में इंडियन ऑयल डिपो के बाहर कर्मियों से मारपीट, 3 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-04 15:48 GMT
Korba. कोरबा। कोरबा में इंडियन ऑयल डिपो के बाहर पेट्रोल-डीजल टैंकर कर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। डीजल चोरी (कटिंग) रोकने की व्यवस्था का विरोध करने पर कुछ लोगों ने टैंकर में तैनात कर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जिले के कई पेट्रोल पंपों पर लंबे समय से टैंकर से तेल उतारते समय कटिंग यानी डीजल-पेट्रोल की चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। पंप संचालकों को नियमित रूप से कम मात्रा में ईंधन मिलने की शिकायतों के बाद उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए टैंकर के साथ अपने भरोसेमंद कर्मियों को भेजना शुरू किया। घटना वाले दिन भी टैंकर में डिपो से पंप तक जाने के दौरान कर्मी मौजूद थे।


जैसे ही टैंकर कोरबा स्थित इंडियन ऑयल डिपो के बाहर पहुंचा, पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि डीजल चोरी रोकने की इस व्यवस्था से नाराज होकर आरोपियों ने कर्मियों से बहस शुरू कर दी, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही कर्मियों ने डिपो प्रबंधन और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद का कारण तेल चोरी रोकने की नई व्यवस्था से उत्पन्न नाराजगी था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Tags:    

Similar News