Raigarh. रायगढ़। तमनार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। लकड़ी से लदा वन विभाग का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक में सवार एक श्रमिक वाहन के नीचे फंस गया। उसका कमर से नीचे का हिस्सा भारी ट्रक के नीचे दबा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और हाइड्रा क्रेन की मदद से श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक नागरामुड़ा, तमनार से वन विभाग के ट्रक में लकड़ियां लोड कर रायगढ़ डिपो ले जाई जा रही थीं। ट्रक कसडोल और घटोरिया मंदिर के बीच अमरैय्या के पास पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को साइड देने के प्रयास में चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद लकड़ी से लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक के केबिन में चालक के साथ कुछ श्रमिक भी सवार थे। ट्रक पलटने के बाद केबिन में फंसे लोगों ने उसे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
ट्रक के नीचे फंस गया रजी उरांव
इसी दौरान श्रमिक रजी उरांव, पिता धनसाय उरांव, निवासी उर्दना, ट्रक के नीचे फंस गया। हादसे में उसका कमर से नीचे का हिस्सा वाहन के नीचे दब गया था। भारी ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे निकालने की कोशिश शुरू की और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। तब तक मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो चुके थे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पहले मिट्टी हटाई फिर बुलाई JCB
पुलिस और ग्रामीणों ने सबसे पहले ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक के आसपास की मिट्टी हटानी शुरू की। कोशिश थी कि मिट्टी हटाकर पर्याप्त जगह बनाई जाए और श्रमिक को बाहर निकाला जा सके। लेकिन ट्रक का वजन अधिक होने के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलवाई। जेसीबी की सहायता से ट्रक को उठाने और श्रमिक को निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन इससे भी उसे सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय कंपनी से हाइड्रा क्रेन मंगवाई। हाइड्रा क्रेन पहुंचने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने आपसी समन्वय के साथ बेहद सावधानी से ट्रक को उठाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि वाहन के नीचे फंसे श्रमिक को और चोट न पहुंचे।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हाइड्रा क्रेन की सहायता से ट्रक को उठाया गया और रजी उरांव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने घायल श्रमिक को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी पहले से कर रखी थी। घटनास्थल पर एंबुलेंस बुला ली गई थी। जैसे ही श्रमिक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया, उसे तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल रवाना किया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में तमनार पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मशीनों की व्यवस्था और ग्रामीणों के सहयोग से भारी ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।