Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में टोनही यानी जादू-टोना करने के शक में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान नबिना राठिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने परिवार के साथ डुडुंगजोर गांव में रहती थी। घटना के समय वह घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसके भैसुर सुखसिंह राठिया (50 वर्ष) ने उस पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के बाद डंडे से किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी सुखसिंह राठिया घर के अंदर गया और लकड़ी का मोटा डंडा लेकर आया। इसके बाद उसने महिला के सिर पर कई बार हमला कर दिया। हमले में नबिना राठिया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे पर जादू-टोना करने का था शक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि नबिना राठिया उसके बच्चे पर जादू-टोना करती है। इसी अंधविश्वास के कारण उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
घटना की सूचना मिलने के बाद पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी सुखसिंह राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। ऐसी घटनाएं समाज में फैली गलत धारणाओं और अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को सामने लाती हैं।