Raigarh. रायगढ़। शहर के केलो विहार मार्ग पर मंगलवार शाम चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलो विहार के शिव मंदिर मार्ग की है। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी एक परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक गीता पटेल के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती, दोनों आरोपी तेज रफ्तार से तहसील कार्यालय रायगढ़ की दिशा में भाग निकले। पुलिस के मुताबिक छीना गया सोने का मंगलसूत्र करीब 10 ग्राम वजनी बताया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित महिला और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों पर भी पुलिस टीमों को लगाया गया। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस को कुछ फुटेज में संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
CCTV फुटेज से मिले संदिग्धों के फोटो विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में भी साझा किए गए हैं। पुलिस मुखबिर तंत्र की मदद से भी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साइबर टीम बाइक सवारों के आने-जाने के संभावित रूट से जुड़े कैमरों की फुटेज भी जांच रही है। पुलिस का प्रयास है कि बाइक का नंबर, आरोपियों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते से संबंधित अधिक से अधिक जानकारी जुटाई जाए। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
चक्रधरनगर पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्धों की पहचान में सहयोग की अपील की है। किसी व्यक्ति के पास आरोपियों या संदिग्ध बाइक के संबंध में जानकारी होने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर के मोबाइल नंबर 9479193210 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर सूचना दी जा सकती है। फिलहाल पुलिस ने चेन स्नेचिंग की इस घटना की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।