बहू घर में नहीं दिखी तो ढूंढने निकले ससुराल वाले, 25 फीट ऊंची डाल पर लटक रही थी लाश
हत्या की आशंका
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ में शुक्रवार को 26 वर्षीय विवाहिता सीमा यादव का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फॉरेंसिक विशेषज्ञ से कराया गया। ग्राम कुमडेवा निवासी सीमा यादव की शादी वर्ष 2022 में देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे सीमा घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना उसके मायके कुमडेवा में दी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ की करीब 25 फीट ऊंची डाल पर उसका शव फंदे से लटका देखा।
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मायके पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया। मायके पक्ष का दावा है कि सीमा की जांघ, पीठ और कमर पर चोट के निशान थे। शरीर पर खून जमने से नीले निशान भी दिखाई दिए।
मृतका के पिता पारस यादव ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने झगड़े के बाद सीमा की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। उनका कहना है कि लंबे समय से सीमा को प्रताड़ित किया जा रहा था। सास उस पर चाय फेंकती थी, जबकि पति, ससुर और देवर भी मारपीट करते थे। मायके पक्ष का आरोप है कि कम दहेज लाने को लेकर ससुराल वाले उसे लगातार ताने देते थे।
सीमा की बुआ ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। वह जब भी मायके आती थी, मारपीट की बात बताती थी। उसे रोज सुबह तीन बजे उठाकर गोबर उठाने और अन्य घरेलू कामों में लगा दिया जाता था। बुआ के मुताबिक, सीमा अपनी तीन छोटी बहनों की शादी में कोई बाधा न आए, इसलिए सब कुछ सहती रही। उसे उम्मीद थी कि बच्चों के होने के बाद हालात सुधरेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सीमा के दो बच्चे हैं, जिनमें करीब तीन साल की बेटी और सवा साल का बेटा है। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर ले जाने के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि मायके पक्ष के आरोपों को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के फॉरेंसिक विशेषज्ञ से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।