Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और दावों के बीच एक वीडियो ने नई चर्चा शुरू कर दी है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के श्याम नगर देवार पारा इलाके का कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें गांजा बिक्री से जुड़ी गतिविधियों का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ लोग गांजा खरीदने पहुंचे लोगों को समझाइश देते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इलाके में लंबे समय से गांजा की बिक्री की जा रही है और यहां छोटी-छोटी मात्रा में नशीला पदार्थ उपलब्ध कराया जाता है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस द्वारा वीडियो की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियां वास्तव में कहां की हैं और इसमें शामिल लोग कौन हैं।

100 रुपये में गांजा बिक्री का दावा
वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि श्याम नगर देवार पारा क्षेत्र में करीब 100 रुपये में गांजा की पुड़िया बेची जा रही है। कुछ लोगों का आरोप है कि इलाके में दिन-रात नशे का कारोबार चल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं तो पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारण युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है और इस पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है।

नागरिकों के कार्रवाई करने का दावा
वीडियो में कुछ आम नागरिक गांजा खरीदने आए लोगों को रोककर समझाइश देते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है कि आखिर पुलिस की मौजूदगी और लगातार चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों के बावजूद इस तरह की गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सिर्फ अभियान चलाना ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर निगरानी भी जरूरी है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
राजधानी में पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई करने का दावा करती रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाती रही है। इसके बावजूद इस तरह के वीडियो सामने आने से पुलिस की सूचना तंत्र और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि वायरल वीडियो की सच्चाई की जांच कर संबंधित लोगों तक पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह के अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने राजधानी में नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है।
Tags: