डीडी नगर सब स्टेशन में हंगामा, ट्रांसफार्मर खराबी से नाराज लोगों ने की तोड़फोड़
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर गोल चौक स्थित बिजली सब स्टेशन में देर रात हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज 20 से 25 लोगों ने कथित रूप से सब स्टेशन पहुंचकर हंगामा किया, कर्मचारियों को धमकाया और कार्यालय में तोड़फोड़ की। घटना के चलते करीब एक घंटे तक इलाके की बिजली सप्लाई बंद रही, जिससे लगभग पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।
मामले की जानकारी देते हुए डीडी नगर गोल चौक सब स्टेशन में पदस्थ उप अभियंता ने बताया कि 21 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे वे अपने निवास पर थे। इसी दौरान सब स्टेशन में ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर चोवाराम साहू का फोन आया। ऑपरेटर ने बताया कि तिवारी कॉलोनी डूमर तालाब क्षेत्र से करीब 20 से 25 लोग सब स्टेशन पहुंचे हुए हैं। बताया गया कि तिवारी कॉलोनी डूमर तालाब में लगे ट्रांसफार्मर में रात करीब 10:45 बजे आग लग गई थी, जिससे केबल वायर जल गया और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। इसी को लेकर स्थानीय लोग सब स्टेशन पहुंचे थे और ट्रांसफार्मर को तत्काल चालू करने की मांग कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार, सब स्टेशन पहुंचे लोगों ने कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान कार्यालय में लगे टेलीफोन को भी तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, सब स्टेशन से जुड़े सभी चारों फीडर को बंद कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई। उप अभियंता ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे तत्काल डीडी नगर सब स्टेशन पहुंचे, जहां देखा कि चारों फीडर बंद पड़े थे। फीडर बंद होने से आसपास के क्षेत्र में लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रही और करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर चोवाराम साहू को भी कथित रूप से धमकाया गया।
अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। कर्मचारियों ने बताया कि अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया था। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सब स्टेशन में मौजूद कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा सके। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी और आग लगने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे सुधारने का काम जारी था। लेकिन इस तरह की तोड़फोड़ और कर्मचारियों को धमकाने से स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों ने सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।