नशा मुक्ति अभियान के तहत रायगढ़ में 15 मेडिकल स्टोर्स को कड़ी चेतावनी

छग

Update: 2026-02-24 18:56 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन ने स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों (नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक दवाइयों) के अवैध क्रय-विक्रय और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन जांच अभियान चलाया। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के अनुरूप चलाए गए इस संयुक्त अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स एवं औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दवा विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बिना डॉक्टर की वैध प्रिस्क्रिप्शन के किसी भी प्रकार की नशीली या मनःप्रभावी दवाइयों की बिक्री नहीं की जाए।

टीम ने दवाओं के स्टॉक, भंडारण व्यवस्था, बिक्री रजिस्टर, बिलिंग रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। साथ ही, संबंधित कानूनों और नियमों के पालन को लेकर संचालकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अभियान के दौरान कुल 15 मेडिकल स्टोर्स के संचालकों को नियमों के कड़ाई से पालन हेतु कड़ी चेतावनी दी गई। जिन प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी गई, उनमें गुजराल मेडिकल, सलूजा मेडिकल, लक्ष्मी मेडिकल, महामिया मेडिकल, प्रमोद मेडिकल, निरूपमा मेडिकल, आशीर्वाद मेडिकल, नेहा मेडिकल, विजय मेडिकल सहित अन्य मेडिकल स्टोर्स शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री केवल अधिकृत चिकित्सकीय पर्ची के आधार पर ही की जानी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक रिकॉर्ड अद्यतन रखना अनिवार्य है।

सहायक औषधि नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के तहत यह कार्रवाई युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने दवा विक्रेताओं को चेताते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्यवाही भी शामिल हो सकती है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बिना पर्ची नशीली दवाओं की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से जिले में सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Tags:    

Similar News