Bilaspur. बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज बारिश के बीच दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुड़ु के पास हुई। गांव निवासी संजीव पैकरा (18) पिता संतोष पैकरा रविवार शाम अपने दोस्त अमन के साथ बाइक से किसी काम के लिए निकला था। इस दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। दोनों युवक गांव से बाहर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
मौके पर ही दो युवकों की मौत
हादसे में संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे अमन को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरी बाइक चला रहे विशेष कुमार पैकरा (18) भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठे रमन सिंह पैकरा को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने दी हादसे की सूचना
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने डायल 112 को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रतनपुर पुलिस ने बताया कि हादसे में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में तेज बारिश और रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों के बयान और घटनास्थल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।