Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सरस्वती नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेचने वाले आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 60 पौवा देशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुकुरबेडा ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तपेन्द्र ताण्डी पिता आर्थो ताण्डी (50 वर्ष), निवासी आमानाका कुकुरबेडा, गुरुद्वारा के पास, थाना सरस्वती नगर रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के पास रखी बोरी की तलाशी ली तो उसमें देशी शराब मिली। पुलिस ने जब आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तपेन्द्र ताण्डी के कब्जे से पुलिस ने 30 पौवा देशी शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपए है। मामले में आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

शीतला तालाब के पास भी पकड़ा गया आरोपी
इसी अभियान के तहत सरस्वती नगर पुलिस ने थाना क्षेत्र के रामदरबार शीतला तालाब के पास भी कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान हिमालय जांगड़े पिता बंशीलाल जांगड़े (34 वर्ष), निवासी रामदरबार के पास कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 30 पौवा देशी शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 3 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 173/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखकर ऐसे लोगों की पहचान कर रही है, जो अवैध रूप से शराब का कारोबार करते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सरस्वती नगर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags: