Raigarh/Gariaband. रायगढ़/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में देर रात दो अलग-अलग जिलों में कच्चे मकान गिरने से बड़ा हादसा हो गया। रायगढ़ जिले में कच्चा मकान भरभराकर गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और बेटे घायल हो गए। वहीं गरियाबंद जिले में सो रहे परिवार के ऊपर मकान गिरने से चार लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
तीन लोगों पर गिरा कच्चा मकान
पहली घटना रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक अंतर्गत नंदेली गांव की है। यहां देर रात करीब 3 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। मकान गिरते ही मलबे में तीन लोग दब गए। हादसे में रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (42) और उनका 13 वर्षीय बेटा शिवम महंत मलबे में दबकर घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
महिला की मौत, पति-बेटे का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया। इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए पुसौर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने रोहिणी महंत की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल रतन महंत और उनके बेटे शिवम महंत का इलाज जारी है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी घटना को लेकर दुख का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सो रहे परिवार पर गिरा मकान
दूसरी घटना गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक के राजापड़ाव क्षेत्र अंतर्गत गौरगांव में हुई। यहां आधी रात को एक परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। मकान गिरने के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
बाढ़ के कारण अस्पताल पहुंचाना बना चुनौती
गरियाबंद में हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति होने के कारण रास्ते प्रभावित थे। ऐसे में घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। इसके बाद डायल 112 की टीम की मदद ली गई। स्थानीय लोगों और 112 की टीम ने खाट के सहारे नदी पार कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मैनपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। दोनों हादसों में एक महिला की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। वहीं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
Tags: