हत्या की कोशिश करने वाले दो आरोपी अरेस्ट, नाजुक है घायल युवक की हालत

Update: 2022-08-07 10:19 GMT

बिलासपुर। जिले में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अब बिलासपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र में नशेड़ियों ने चाकू और तलवार से एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में युवक की आंत तक बाहर आ गई। गंभीर रूप से घायल युवक को फिलहाल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिन पहले घायल युवक के भाई ने बदमाशों के खिलाफ एसपी से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद थे।

टिकरापारा के रहने वाले गौरव यादव पिता संतोष यादव (28) अपना व्यापार करते हैं। शनिवार की रात 9.30 बजे गौरव अपने घर पर थे। इसी दौरान अजय साहू और उसका साथी तलवार और चाकू लेकर घर के पास आकर गालीगलौज करने लगा। आवाज सुनकर गौरव और उसका भाई बंटी यादव घर से बाहर निकले। तब आरोपी अजय और उसके दोस्त ने गौरव पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अजय साहू ने चाकू से गौरव के पेट पर वार किया। इससे पेट फटकर आंतें तक बाहर आ गईं। बीच-बचाव करने पर युवकों ने गौरव के बड़े भाई बंटी पर भी हमला किया।

घटना के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए थे। इसके बाद परिजनों ने घायल गौरव को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया। इधर सूचना मिलने पर पुलिस ने शहर को सील कर दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अजय साहू और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और तलवार जब्त किए गए हैं।

Tags:    

Similar News