हत्या के दो अलग-अलग मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-10-25 16:47 GMT
Jashpur. जशपुर। जशपुर पुलिस ने 22 अक्टूबर 2025 को जिले में हुई दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में हत्या में प्रयुक्त हथियार (लाठी और टांगी) जब्त कर लिए गए हैं।

1. थाना सन्ना मामला – पत्नी की हत्या:
22 अक्टूबर को थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम मधुपुर कवई में आरोपी सुखराम (58) का अपनी पत्नी मोहनी बाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर सुखराम ने चूल्हे में रखी अधजली लकड़ी (लाठी) से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से मोहनी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। प्रार्थिया (मृतिका की बहू) की रिपोर्ट पर थाना सन्ना में आरोपी सुखराम के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर की चोट से मृत्यु की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

2. चौकी मनोरा मामला – जमीन विवाद में हत्या:
22 अक्टूबर को चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सकरडीह में मृतक विजेश्वर उर्फ विजय उरांव शाम को मवेशी चराकर बोरिंग के पास हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान गांव का ही आरोपी कोसमोस तिर्की (40) नशे में बोरिंग के पास पहुँचा। मृतक और आरोपी के परिवारों के बीच पहले से ही खेती की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। नशे में धुत आरोपी ने पुनः जमीन को लेकर विवाद किया और अपने पास रखी लोहे की टांगी से मृतक के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे विजेश्वर उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। प्रार्थी (मृतक के बेटे) की रिपोर्ट पर चौकी मनोरा में आरोपी कोसमोस तिर्की के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस किसी भी आपराधिक घटना को गंभीरता से लेती है और अपराधियों को पकड़ने में तेजी बरतती है। इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि गुस्से और विवाद के कारण अक्सर हिंसक घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी से उन्हें न्याय की उम्मीद है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी विवाद या हिंसा की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या चौकी को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags:    

Similar News