Raipur. रायपुर। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ डी.डी. नगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 65 पाव देशी मदिरा मसाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 11.700 बल्क लीटर और कीमत करीब 6,500 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस
उपायुक्त पश्चिम
राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में डी.डी. नगर थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को चंगोराभाठा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीमों ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

कपड़े के थैले में लेकर घूम रहा था शराब
पहले मामले में डी.डी. नगर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मटकौड़वा पारा चंगोराभाठा निवासी एक युवक कपड़े के थैले में अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री करने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस ने अमन मरावी पिता किशन मरावी, उम्र 22 वर्ष, निवासी मटकौड़वा पारा चंगोराभाठा को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी लेने पर उसमें 30 पाव देशी मदिरा मसाला शराब मिली। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 5.400 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

प्लास्टिक की बोरी में मिली 35 पाव शराब
दूसरी कार्रवाई भी चंगोराभाठा इलाके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद डी.डी. नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान राजेन्द्र पारशी पिता राधेश्याम पारशी, उम्र 55 वर्ष, निवासी न्यू चंगोराभाठा, शिव मंदिर के पास के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से सफेद प्लास्टिक की बोरी में रखे 35 पाव देशी मदिरा मसाला शराब बरामद की गई। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर और कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है। राजेन्द्र पारशी के खिलाफ डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 566/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दो मामलों में कुल 65 पाव जब्त
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर डी.डी. नगर पुलिस ने कुल 65 पाव यानी 11.700 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला शराब जब्त की है। इसकी कुल अनुमानित कीमत 6,500 रुपये है।
Tags: