एक-दूसरे को डुबोने में लगे है टीएस सिंहदेव और दीपक बैज : बीजेपी

Update: 2026-05-23 01:32 GMT

रायपुर। टीएस सिंहदेव और दीपक बैज मामले में बीजेपी कूद पड़ी है, वीडियो शेयर कर छग बीजेपी ने कहा, छत्तीसगढ़ में अपने अस्तित्व बचाने में लगी कांग्रेस पार्टी में एक-दूसरे को डुबोने का खेल चल रहा है। संगठन संभालने में असफल रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस सिंहदेव को 'दिल्ली चले जाना चाहिए' कहकर मजबूर कर रहे हैं, तो वहीं टी. एस सिंहदेव लगातार हार का रिकॉर्ड बनाने वाले दीपक बैज को अपना कार्यक्षेत्र मजबूत करने की सलाह दे रहे हैं। कांग्रेस संगठन में गुटबाजी चरम स्तर पर पहुंच चुकी है। सब एक-दूसरे को तोड़ने, नीचा दिखाने और अपना उल्लू सीधा करने में लगे हैं।

दीपक बैज की सलाह सिंहदेव समर्थकों को नहीं आई रास

प्रदेश कांग्रेस में खींचतान चल रही है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के प्रदेश अध्यक्ष पद पर काम करने की इच्छा जताने पर दीपक बैज ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सिंहदेव को दिल्ली में काम करना चाहिए। दीपक बैज का कार्यकाल अगस्त में समाप्त होने वाला है। इससे पहले ही उन्हें बदले जाने की चर्चा शुरू हो गई है। सिंहदेव ने कुछ दिन पहले सार्वजनिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष बनने की इच्छा जताई थी। इसके बाद शुक्रवार को बैज ने मीडिया से चर्चा में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बैज ने कहा कि सिंहदेव एआईसीसी के सदस्य हैं और उन्हें तमिलनाडु तथा पुडुचेरी का ऑब्जर्वर भी बनाया गया था। बैज ने कहा कि पार्टी में युवाओं को मौका मिलना चाहिए और वर्तमान युवा टीम अच्छा काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी टीएस सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता के लिए छोटी है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर काम करना चाहिए। दीपक बैज ने सिंहदेव का बयान आने के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात भी की थी। उनके साथ प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू भी थे। चर्चा है कि बैज ने पूर्व सीएम को सिंहदेव के बयान से अवगत कराया है। इस पूरे मामले में पूर्व सीएम ने अब तक अपनी राय जाहिर नहीं की है। मगर बैज के बयान से पार्टी में हलचल मची हुई है। आने वाले दिनों में खींचतान बढ़ सकती है।

Tags:    

Similar News