अवैध गुटखा परिवहन मामले में ट्रक मालिक पर 30 लाख का जुर्माना

छग

Update: 2025-08-31 17:47 GMT
Jashpur. जशपुर। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध गुटखा और तंबाकू उत्पादों की जब्ती के मामले में जीएसटी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए ट्रक मालिक-चालक पर ₹29 लाख 96 हजार 480 रुपये का भारी जुर्माना ठोका है। यह कार्रवाई 4 अगस्त को लोदाम थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए मामले से जुड़ी है।
मंडी बैरियर में पकड़ा गया ट्रक
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अगस्त को नेशनल हाइवे-43 स्थित मंडी बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग का कंटेनर ट्रक (नंबर HR55AJ4755) को रोका। पूछताछ में ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर से बोकारो (झारखंड) डिटर्जेंट और वाशिंग पाउडर लेकर जा रहा है और इसके लिए उसने एक रसीद भी दिखाई। लेकिन जब पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो उसमें 100 बोरी विमल गुटखा और 20 बोरी अवैध तंबाकू बरामद हुई। चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही माल का वैध बिल दिखा पाया।
ट्रक चालक और मालिक पर कसा शिकंजा
गिरफ्तार चालक की पहचान राशिद खान निवासी फिरोजपुर, जिला महू (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस ने माल और वाहन को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत ज़ब्त कर प्रतिवेदन जीएसटी विभाग को भेजा। जांच के बाद जीएसटी विभाग ने इस मामले को अवैध परिवहन की पुष्टि मानते हुए ट्रक मालिक-चालक पर करीब 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इस कार्रवाई में थाना लोदाम प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक महेश्वर यादव और हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना स्थानीय स्तर पर की जा रही है।
SSP ने दी सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गुटखा और तंबाकू उत्पादों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी हाल में इस अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस और जीएसटी विभाग मिलकर ऐसे नेटवर्क की पहचान कर रहे हैं ताकि जड़ों से इस धंधे का खात्मा किया जा सके। ऑपरेशन आघात के तहत जिले में पहले भी कई अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों की अवैध बिक्री और परिवहन करने वालों पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता है।
Tags:    

Similar News