चिल्हाटी में दर्दनाक हादसा: दर्री तालाब में ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत
छग
Loharsi. लोहर्सी। पचपेड़ी क्षेत्र के चिल्हाटी गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां धान मंडी के पास स्थित दर्री तालाब में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहर्सी निवासी छोटाला तिवारी (40 वर्ष), पिता त्रिजूगी नारायण तिवारी, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे ट्रैक्टर से ईंट खाली कर सेमरा से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चिल्हाटी-सेमहरा मार्ग पर दर्री तालाब के पास पहुंचा ही था कि अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे से फिसलते हुए सीधे तालाब में जा पलटा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर चालक छोटाला तिवारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना स्थल के पास सड़क संकरी है और मोड़ के कारण अक्सर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिलहाल पुलिस तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और गति पर नियंत्रण रखने की अपील की है।