Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात पुलिस की सतर्कता से वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। शारदा चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब बाइक के इंजन और चेचिस नंबर की जांच की तो वह चोरी की निकली। मामले में वाहन को बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के साथ संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत शारदा चौक पर QRT टीम और प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे।  चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की जानकारी जुटाने के लिए मोबाइल ई-चालान डिवाइस और ऐप की मदद ली।
इंजन नंबर और चेचिस नंबर की जांच करने पर बाइक का पंजीयन क्रमांक CG-04-NN-2680 सामने आया। रिकॉर्ड में वाहन स्वामी के तौर पर पुष्पेंद्र का नाम मिला। यातायात पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी है और इस संबंध में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद यातायात पुलिस ने थाना सिविल लाइन से जानकारी की पुष्टि की। पुलिस सत्यापन में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में FIR दर्ज होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद बाइक को सुरक्षित कब्जे में लेकर यातायात थाना, शारदा चौक में खड़ा कराया गया।
 यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचित कर दिया है। अब संबंधित थाना पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की बाइक आरोपी तक कैसे पहुंची और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जा रहा था।
पुलिसकर्मियों की सतर्कता और ड्यूटी के दौरान चोरी की बाइक बरामद करने पर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने टीम का उत्साहवर्धन किया। संबंधित पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।  यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही किसी संदिग्ध वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध वाहनों की जांच और वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags: