Raigarh. रायगढ़। शहर के व्यस्ततम एमजी रोड क्षेत्र में रात्रिकालीन चौपाटी के दौरान अव्यवस्थित और अवैध पार्किंग से बढ़ रही यातायात समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाया जा रहा है, जबकि चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार, एमजी रोड चौपाटी में शाम और रात के समय बड़ी संख्या में लोग खाने-पीने और घूमने के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान कई वाहन चालक सड़क किनारे या नो-पार्किंग क्षेत्र में अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के साथ आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
इस स्थिति को देखते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर ट्रैफिक अमले ने अभियान शुरू किया है। पुलिस टीम द्वारा सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है। वहीं चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाया जा रहा है, ताकि वाहन मालिक मौके पर पहुंचकर नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करें और भविष्य में निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें।
पुलिस ने कार्रवाई को लेकर एक प्रक्रिया भी तय की है। जप्ती या दंडात्मक कार्रवाई से पहले पुलिस टीम लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से वाहन चालकों को चेतावनी देती है। अनाउंसमेंट में वाहन हटाने के लिए कहा जाता है। इसके बावजूद यदि वाहन मालिक लापरवाही बरतते हैं या चेतावनी की अनदेखी करते हैं तो उनके खिलाफ चालान और जप्ती की कार्रवाई की जाती है। यातायात विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि एमजी रोड और चौपाटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क पर जाम, दुर्घटना का खतरा और पैदल चलने वालों के लिए परेशानी बढ़ जाती है।
विशेष रूप से रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी इस अव्यवस्था का असर झेलना पड़ता है। इसी कारण पुलिस ने चौपाटी क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्णय लिया है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चौपाटी आने के दौरान अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थानों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे, मोड़, नो-पार्किंग जोन या आवागमन में बाधा बनने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा न करें। पुलिस ने कहा है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। नियमों का पालन करने से न केवल जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
Tags: