Raipur. रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन में चोरी के एक प्रकरण का खुलासा करते हुए थाना खमतराई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के तहत ट्रांसपोर्ट नगर रावांभाठा में ट्रक से टूल्स और गैस चूल्हा चोरी करने वाले आरोपी नौसाद को धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आनंद कुमार सहाय, निवासी कबीर नगर रायपुर ने 19 फरवरी 2026 को थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका ट्रक (CG 04 HV 3497) 18 फरवरी की रात ट्रांसपोर्ट नगर रावांभाठा में खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह ट्रक में रखे टूल्स सामान और गैस चूल्हा, कुल कीमती लगभग 8,000 रुपये, गायब मिले। अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस ने पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
इसी दौरान सूचना मिली कि एक ऑटो (CG 04 LK 7275) में सवार दो व्यक्ति चोरी के टूल्स बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पीछे बैठे एक संदिग्ध को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम नौसाद पिता अब्दुल जब्बार, उम्र 34 वर्ष, निवासी गाजी नगर बीरगांव रायपुर बताया। ऑटो की तलाशी लेने पर उसमें दो जैक, एक रॉड, व्हील पाना और गैस चूल्हा बरामद हुआ। सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें नौसाद ने अपने साथी परवेज आलम के साथ मिलकर 18 फरवरी की मध्य रात्रि ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रक से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान, कुल कीमती 8,000 रुपये, तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो, कीमती 85,000 रुपये, विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 113/2026, धारा 305 (बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण का अन्य आरोपी परवेज आलम फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं नकबजनी जैसे अपराधों पर नियंत्रण के लिए नॉर्थ जोन क्षेत्र में लगातार सघन अभियान और गश्त जारी रहेगी।