प्रेम संबंध को दबाने युवक ने किया प्रेमिका का मर्डर, पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाकर पकड़ा

Update: 2023-03-08 09:45 GMT

राजनांदगांव पुलिस ने प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसकी हत्या करने वाले आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की दूसरी जगह शादी तय हो जाने और इस प्रेम संबंध के बारे में परिवार के सामने खुलासा हो जाने के डर से प्रेमिका को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मामला गैंदाटोला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, गैंदाटोला थाना क्षेत्र में 13 जनवरी को एक युवती की हत्या कर दी गई थी। 14 जनवरी को पुलिस को ग्रामीणों ने सूचना दी कि युवती की लाश कोठार की झोपड़ी में पड़ी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि हत्या के ठीक पहले युवती से शारीरिक संबंध बनाया गया है। उसके बाद गला दबाकर और लकड़ी के ठूंठ से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने अपने मुखबिरों का जाल फैला दिया।

जांच में शक की सुई आरोपी अशोक फूलकुंवर (25 साल) पर घूमी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अशोक फूलकुंवर का मृतका के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस ने आरोपी फूलकुंवर और उसके साथी योगराज वीके (23 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी अशोक फूलकुंवर ने बताया कि वो और उसका साथी दोनों ग्राम चांदीटोला देवरी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। मजदूरी करने के लिए वे राजनांदगांव के गैंदाटोला गांव में आते थे। इसी दौरान उसकी पहचान युवती से हो गई। दोनों के बीच मुलाकातें बढ़ीं और प्यार हो गया। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी थे। आरोपी ने बताया कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई थी और उसे डर था कि उसकी प्रेमिका इसे लेकर हंगामा करेगी और उसका भांडा परिवारवालों के सामने फूट जाएगा। वो ये भी नहीं चाहता था कि उसकी शादी जिस लड़की से होने वाली है, उसे उसके प्रेम संबंध के बारे में कुछ भी पता चले।

Tags:    

Similar News