Gariaband. गरियाबंद। जिले में कथित रूप से अवैध हीरा परिवहन के खिलाफ छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से कुल 8 नग बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा बरामद करने का दावा किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये है। तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के थाना प्रभारियों को अवैध गांजा, शराब और हीरे के परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QH 5325 पर तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से कथित रूप से हीरे का अवैध परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल संबंधित मार्ग की ओर रवाना हुई।
देवरी धामनडीह तिराहा मोड़ पर की नाकाबंदी
पुलिस टीम ने रसेला-खरखरा मार्ग स्थित देवरी धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने वाहन को रोककर तीनों से पूछताछ की और उनकी पहचान की। पुलिस के अनुसार बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम 26 वर्षीय लिलेश्वर नायक निवासी मेड़की डबरी थाना छुरा बताया। बीच में बैठे व्यक्ति की पहचान 65 वर्षीय हेमकुमार यादव निवासी ग्राम सड़क परसुली थाना गरियाबंद और पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान 33 वर्षीय पुरण नायक निवासी मेड़की डबरी थाना छुरा के रूप में हुई।
तीनों की जेब से मिले कुल 8 हीरे
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तीनों की अलग-अलग तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक लिलेश्वर नायक की जींस की दाहिनी जेब से सफेद कागज में लिपटे तीन छोटे-बड़े चमकीले पत्थर मिले, जिन्हें पुलिस ने बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा बताया है। उसके पास से एक ओप्पो मोबाइल भी मिला। हेमकुमार यादव की शर्ट की जेब से सफेद कागज में लिपटे तीन कथित हीरे और एक लावा मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं पुरण नायक की शर्ट की जेब से कागज में लिपटे दो कथित हीरे और एक वीवो मोबाइल फोन मिलने की बात पुलिस ने कही है। इस तरह तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल आठ नग कथित हीरे बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
1.83 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने हीरों के अलावा करीब 90 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल और करीब 13 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई में कुल 1 लाख 83 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) तथा माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद लिलेश्वर नायक, हेमकुमार यादव और पुरण नायक को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।