Ambikapur. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आम बीनने के दौरान बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक युवक शामिल हैं। यह घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमकी की है, जहां अचानक हुए मौसम बदलाव ने पूरे इलाके को मातम में बदल दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे डुमकी गांव में मौसम अचानक बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गांव का निवासी रामसाय (36 वर्ष) प्राथमिक शाला के पास मवेशी चरा रहा था। बारिश शुरू होने पर वह भी सुरक्षित स्थान की तलाश में पेड़ के नीचे पहुंच गया।
इसी बीच पांच वर्षीय बालक सागर गांव के आम के पेड़ के पास आम बीनने पहुंचा। उसे देख नौ वर्षीय बालिका रानी भी वहां आ गई और दोनों बच्चे आम इकट्ठा करने लगे। कुछ ही देर बाद मौसम और खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चे और मवेशी चरा रहा रामसाय सभी आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।
वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए धौरपुर अस्पताल भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बालिका रानी मूल रूप से ग्राम दुप्पी की रहने वाली थी और वह अपने रिश्तेदार के घर डुमकी गांव आई हुई थी। वहीं सागर और रामसाय भी स्थानीय निवासी थे। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ और लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।