Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में आपसी विवाद के चलते एक ही मोहल्ले में तनाव का माहौल बन गया है। वारदात में एक महिला सहित तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी दिलीप टंडन, उसके भाई–रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों ने मिलकर उनके घर पर हमला किया, गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी देने तक की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घटना 15 और 16 नवंबर 2025 की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार वे रायपुर में रहते हैं और प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके बड़े भाई गोल्डन गहरे 15 नवंबर की रात मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ आग ताप रहे थे। उसी समय पड़ोसी दिलीप टंडन शराब के नशे में गालीगलौज कर रहा था। गोल्डन गहरे ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिस पर दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बनी, लेकिन मामला वहीं शांत हो गया।
पीड़ित के अनुसार अगले ही दिन यानी 16 नवंबर की सुबह से दिलीप टंडन, हरि टंडन, सुनील टंडन और उनके परिवार एवं रिश्तेदार गालीगलौज करते हुए मारपीट की धमकी देने लगे। रात करीब 8 बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शिकायत के मुताबिक पीड़ित की मां अमेरिका गहरे घर के बाहर खड़ी थीं, तभी दिलीप टंडन के रिश्तेदार विक्की ने हमला कर उनका गला पकड़ लिया, उन्हें दीवार से दबाया और हाथ–मुक्कों से पीटना शुरू किया। इसी दौरान दिलीप टंडन, हरि टंडन, सुनील टंडन और उनके परिजन वहां पहुंच गए और मां–बहन की गंदी गालियां देने लगे। शोर सुनकर पीड़ित, उसकी पत्नी उषा गहरे, बहन रंजीता गहरे, भाई रंजीत गहरे और परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए आए। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें भी लात–घूंसों, मुक्कों और चूड़ा (चूड़ी) से पीटा।
इस मारपीट में अमेरिका गहरे, उषा गहरे और रंजीता गहरे को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को कई मोहल्लेवासियों ने अपनी आंखों से देखा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। लगातार दो दिनों से चल रही गाली–गलौज और मारपीट की वजह से पीड़ित परिवार भयभीत है और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। शिकायतकर्ता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और आगे किसी गंभीर घटना को रोका जा सके। इस घटना से इलाके में तनाव बढ़ गया है और स्थानीय लोग भी विवाद के बढ़ते स्वरूप को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।