झंडा चौक ईरानी डेरा से तीन जुआरी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-04 16:43 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने देर रात एक और जुआ-सट्टा खेल का भंडाफोड़ किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सोमवार रात पंडरी क्षेत्र के झंडा चौक ईरानी डेरा के पास सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश दी, जहां तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹10,500 नकद और 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर की गई रेड कार्रवाई
थाना सिविल लाइन में पदस्थ उपनिरीक्षक ने बताया कि वे दिनांक 04 नवंबर की रात अपने हमराह स्टाफ के साथ सरकारी वाहन (CG-03-A-1002) से क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि झंडा चौक पंडरी ईरानी डेरा के पास विद्युत पोल के नीचे कुछ लोग खुलेआम ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर उपनिरीक्षक ने तत्काल हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 2600 महेंद्र वर्मा, आर.1717 होमेद्र साहू और आर.1350 शंकर साहू सहित टीम बनाकर मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों ओर से धेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जिसके दौरान कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि तीन व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

तीन आरोपियों से बरामद हुई नकदी और ताश की गड्डी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई —
गमखार हुसैन पिता जाकिर अली (उम्र 27 वर्ष), निवासी राजा तालाब, पंडरी
शाहजोर अली पिता शहजान अली (उम्र 27 वर्ष), निवासी उरकुरा सड्डू, थाना पंडरी
मजहर हुसैन पिता सरताज अली (उम्र 34 वर्ष), निवासी राजा तालाब, पंडरी
तीनों आरोपियों के पास से कुल ₹10,500 नकद राशि और 52 पत्तों की ताश की गड्डी बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही गवाह फिजा बानू और मोहम्मद मजलूम हुसैन की उपस्थिति में बरामदगी का पंचनामा तैयार किया और जप्ती पत्रक के तहत सभी वस्तुओं को जब्त किया।

छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जुआरी सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। चूंकि यह जमानतीय अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए आवश्यक कार्यवाही के बाद आरोपियों को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया। थाना सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही उन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है जो मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस को संदेह है कि यह समूह लंबे समय से पंडरी क्षेत्र में जुए का नेटवर्क चला रहा था।

सिविल लाइन पुलिस की सतत कार्रवाई
ज्ञात हो कि रायपुर पुलिस लगातार शहर में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में हाल के दिनों में कई क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध जुआ अड्डों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे गैरकानूनी खेलों में शामिल लोगों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में जुए या सट्टे की सूचना मिले, तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें ताकि ऐसे अड्डों को जड़ से खत्म किया जा सके। फिलहाल, थाना सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इन जुआरियों के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने कहा कि विवेचना पूरी होने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
Tags:    

Similar News