मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, तीनों की मौत
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बलौदा थाना पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की रफ्तार तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया या लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने तीनों मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भारतमाला रोड पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार देखी जाती है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।