दुर्ग। अब तक पुलिस आरोपी को पकड़कर चोरी व अन्य आरोप में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश करती थी। दुर्ग जिले में एक चोर ने अपना वीडियो बनाकर वायरल किया है। वीडियो में उसने स्वीकार किया है कि उसने अपने पड़ोस में स्थित ब्यूटी पार्लर में चोरी की थी। पुलिस ने उसे पकड़ा तो चोरी गए सारे जेवरात क्राइम ब्रांच के दो सिपाहियों ने जब्त किया, लेकिन उन्होंने जब्ती में आधे जेवर ही दिखाए। आधा जेवर उन्होंने खुद चोरी कर लिया। एसपी दुर्ग ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

दुर्ग बजरंग नगर निवासी नेहा यादव पति सुनील यादव ने एसपी दुर्ग को इसकी शिकायत कर जांच की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि 24 जुलाई 2022 को बजरंग नगर स्थित उसकी ब्यूटीपार्लर की दुकान में चोरी हुई थी। मामला दर्ज करने के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी कोई और नहीं बल्कि नेहा यादव के मोहल्ले में रहने वाला देवेंद्र धोबी था। देवेंद्र ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि उसने ब्यूटी पार्लर से सोने का दो इयर रिंग और अंगूठी को अपनी बहन के यहां रख दिया है। एक अंगूठी को उसने गोलू नाम के युवक को बेच दिया है। इसकी जब्ती करने के बाद क्राइम ब्रांच के सिपाही खुर्रम बख्श और जावेद ने इसे शो नहीं किया। जब महिला इन जेवरात के बारे में पूछ रही है तो पुलिस कोई भी जवाब नहीं दे रही है।

Tags: