रायपुर: थाना पंडरी क्षेत्रांतर्गत लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की घटना में थाना पंडरी पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अपचारी बालकों को पकड़ा गया है। घटना के बाद तीनों अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे, जिनकी पतासाजी कर पुलिस टीम ने धमतरी एवं नागपुर से उन्हें पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई नगदी में से 2,52,700 रुपये तथा दुकान से ले जाया गया POI Power Switch बरामद किया गया है।
प्रकरण के अनुसार, शोरूम के संचालक ऐश्वर्य मार्या की दुकान दिनांक 24.11.2026 की रात्रि लगभग 09:30 बजे बंद कर शटर में ताला लगाया गया था। अगले दिन दिनांक 25.11.2026 को सुबह लगभग 10:00 बजे दुकान खोलने पर शटर का ताला खुला मिला तथा दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली हुई पाई गई। जांच करने पर गल्ले में रखी 2,56,163 रुपये की नगदी एवं एक POI Power Switch गायब मिला।
दुकान एवं आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच में रात्रि लगभग 02:00 बजे लाल रंग की हुडी पहने एवं चेहरा ढके हुए एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दीं। उक्त व्यक्ति दुकान में प्रवेश कर सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलते हुए दुकान में रखी नगदी एवं POI Power Switch लेकर जाता दिखाई दिया। आरोपियों ने उक्त POI Power Switch को सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर अपने साथ ले लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश देकर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। उनके नेतृत्व में एडीसीपी श्री आदित्य पांडे एवं एसीपी पंडरी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे एवं थाना पंडरी पुलिस टीम द्वारा जांच एवं पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए हैं। इस पर पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं समन्वित प्रयास करते हुए धमतरी एवं नागपुर में उनकी तलाश की गई तथा तीनों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई। पुलिस की सक्रियता एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों अपचारी बालकों को पकड़ा गया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई नगदी रकम में से 2,52,700 रुपये बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर समझकर दुकान से ले जाया गया POI Power Switch भी बरामद कर जप्त किया गया है।
तीनों अपचारी बालकों की पहचान एवं उनसे संबंधित विवरण पूर्णतः गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags: