नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक संशोधन को मंजूरी दे दी है. इसके तहत लोकसभा की सीटों की संख्या 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है. वहीं, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल तक यानी 2051 तक स्थिर रखा जाएगा.

RJD सांसद किया ने परिसीमन का समर्थन
गया में जहानाबाद के राजद सांसद डॉ सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन विधेयक पर बड़ा बयान दे दिया है. उन्होंने इसका समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि वे इसके पक्ष में हैं. उन्होंने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है. इसके साथ ही विकास और क्षेत्रफल के लिहाज से सरकार पर जिम्मेदारियां और दबाव भी बढ़ा है. ऐसे में बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि परिसीमन से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा होगा और विकास कार्य भी बढ़ेंगे.
बीजेपी सांसदों को जारी होगा तीन लाइन का व्हिप
बीजेपी जल्द ही लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करेगी. सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जाएंगे.
AAP करेगी परिसीमन बिल का विरोध
AAP सांसद संजय सिंह ने डीएमके से कहा कि अगर वह इस बिल का समर्थन करती है तो यह ऐतिहासिक गलती होगी. परिसीमन बिल पास होने के बाद बीजेपी को हराना बेहद मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने इसे परिसीमन बिल के बजाय 'बीजेपी जिताओ बिल' बताया. संजय सिंह ने कहा कि यूपी जैसे बीजेपी के प्रभाव वाले राज्यों के मुकाबले दक्षिणी राज्यों की ताकत कम हो जाएगी.
संसद में सभी सांसद सक्रिय भूमिका निभाएं: रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में सांसद सरकार से सहमत हो सकते हैं या उसके फैसलों का विरोध कर सकते हैं. लेकिन संसद का सत्र चलना जरूरी है, क्योंकि पूरा देश देख रहा है कि संसद में अपनी बात कैसे रखी जाती है. सदन की कार्यवाही प्रभावी तरीके से चलाना हर सांसद की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में देंगे. हालांकि, उन्होंने कहा कि एक अहम बिल लाया जाएगा जो 2-3 दिसंबर को पेश किया जा सकता है. फिलहाल सरकार कुछ बहुत अहम कामकाज लेकर आ रही है. सभी सांसदों को इसमें सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए. दुनिया भारत की ओर देख रही है, क्योंकि भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है. ऐसे में संसद का सत्र पूरी जिम्मेदारी के साथ चलाना हमारा कर्तव्य है.
गैर-जरूरी बयानबाजी से बचें सांसद: किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विशेष सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सांसदों से संसद में सार्थक चर्चा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सांसदों को गैर-जरूरी बयानबाजी में शामिल होने के बजाय राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सदन के भीतर चर्चा करनी चाहिए. रिजिजू ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में संसद की स्थापना ही इसलिए की गई है ताकि सदस्य राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकें और अपनी राय रख सकें. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले किसी भी विधेयक या अन्य कामकाज पर सदन में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए. प्रस्तावों से सहमत होना या असहमत होना अलग बात है, लेकिन उन पर सार्थक बहस जरूर होनी चाहिए.
शिवसेना ने जारी किया व्हिप
शिवसेना ने ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है. यह व्हिप केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र को लेकर जारी किया गया है, जिसमें परिसीमन विधेयक पर चर्चा और उसे सदन में पेश किए जाने की चर्चा है.

Tags: