Bilaspur. बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 7.66 ग्राम सोने के आभूषण और 361 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे ने सीपत थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 अगस्त 2026 की सुबह करीब आठ बजे वह रोज की तरह काम करने के लिए एनटीपीसी सीपत चला गया था। उसकी पत्नी सविता देवी रात्रे सुबह करीब साढ़े आठ बजे मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गई थी।
करीब पौने बारह बजे सविता देवी खेत से घर वापस लौटी तो मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। वह घर के अंदर पहुंची तो कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा खुला था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। अलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और दस हजार रुपये नकद गायब थे। शिकायत में चोरी हुए आभूषणों में एक जोड़ी चांदी की पैरी, दो जोड़ी चांदी की पायल, तीन चांदी की बिछिया, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने के तीन लॉकेट, एक सोने की फुल्ली और एक जोड़ी सोने के टॉप्स शामिल बताए गए। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव ने चोरी के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के निर्देश दिए। सीपत थाना प्रभारी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान बीट आरक्षकों को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दर्राभाठा निवासी दिनेश सोनवानी को घटना के समय शिकायतकर्ता के मकान के आसपास देखा गया था। पुलिस ने उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई तो पूर्व में भी चोरी के एक मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दिनेश सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दिनेश ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि शिकायतकर्ता का मकान उसके घर के आसपास है। घटना वाले दिन सनत कुमार और उसकी पत्नी के घर से बाहर जाने के बाद उसने दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने चोरी किए गए आभूषणों को अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिया था। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी के सोने और चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद संपत्ति में कुल 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। नकदी की बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा अलग से जानकारी नहीं दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय दिनेश सोनवानी निवासी ग्राम दर्राभाठा और 37 वर्षीय सनिता कौसले निवासी रामा केयर अस्पताल क्षेत्र, बिलासपुर के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Tags: