4.22 लाख की चोरी का खुलासा, बिर्रा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के तालदेवरी गांव में हुई 4 लाख 22 हजार रुपये की चोरी का खुलासा बिर्रा थाना पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह घटना 29 जनवरी की देर रात तालदेवरी निवासी कृष्णों साहू के घर में हुई थी। वारदात के समय परिवार के सदस्य भोजन के बाद गहरी नींद में थे। सुबह करीब 4 बजे जब परिजन जागे, तो कमरे की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नगदी गायब पाए गए। पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिर्रा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की सहायता ली और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के विश्लेषण में 29 जनवरी की रात एक संदिग्ध मारुति इक्को कार घर के आसपास घूमती दिखाई दी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर तकनीकी साक्ष्यों के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने कनसदा निवासी जितेंद्र साहू (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि पूरी योजना मुड़पार निवासी राजकुमार कर्ष (38 वर्ष) ने बनाई थी। जितेंद्र के खुलासे के बाद पुलिस ने राजकुमार कर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजकुमार कर्ष ने बताया कि वह 22 जनवरी को अपनी बहन के ससुराल में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने तालदेवरी गया था।
समारोह के दौरान उसका कृष्णों साहू के घर आना-जाना रहा, जहां उसने अलमारी में रखे जेवर देखे। इसी दौरान उसके मन में चोरी की साजिश बनी। तय योजना के तहत 29 जनवरी की रात वह अपने साथी जितेंद्र साहू के साथ इक्को कार से तालदेवरी पहुंचा। देर रात घर का दरवाजा धक्का देकर खोला गया और अलमारी से जेवर निकालकर दोनों फरार हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए कुछ जेवर राजकुमार कर्ष ने अपने जीजा विनोद कुमार (39 वर्ष) को दिए थे। पुलिस ने विनोद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त मारुति इक्को कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजकुमार कर्ष का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।