Durg. दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुण्डेरा स्थित पशु औषधालय में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने पशु औषधालय का ताला तोड़कर अंदर रखे नकद रुपए पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डुण्डेरा स्थित पशु औषधालय मुख्य ग्राम इकाई में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी के पद पर पदस्थ विजय कुमार कोचेन्द्र ने इस संबंध में उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 मार्च की सुबह वे रोज की तरह अपने संस्थान में ड्यूटी के लिए पहुंचे। जब उन्होंने औषधालय के मुख्य द्वार को देखा तो ताला टूटा हुआ पाया। ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई।

इसके बाद विजय कुमार कोचेन्द्र ने तुरंत वहां कार्यरत परिचालक नेत्र राम यादव को बुलाया। दोनों ने मिलकर औषधालय के कमरे के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया। अंदर का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। कमरे के अंदर अलमारी का सामान और जरूरी कागजात बिखरे हुए पड़े थे, जिससे स्पष्ट हो गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय औषधालय में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जांच के दौरान पाया गया कि औषधालय में रखे एक बॉक्स को खोलकर उसमें रखे करीब 4300 रुपए नकद चोरी कर लिए गए हैं। हालांकि अन्य सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, लेकिन कागजात और दस्तावेज इधर-उधर बिखरे हुए मिले। इसके बाद प्रार्थी ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने रात के समय सुनसान का फायदा उठाकर औषधालय का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने भी औषधालय जैसी सरकारी संस्था में चोरी की घटना पर चिंता जताई है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Tags: