मोबाइल-किराना दुकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-28 18:11 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मचखंडा में मोबाइल एवं किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी पहचान की गई है। पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मचखंडा निवासी प्रहलाद कुमार साहू (33 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जून की रात अज्ञात चोर उनकी दुकान की खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए। चोर दुकान से कई कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान में पांच नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई एंड्रॉयड मोबाइल, दो ब्लूटूथ स्पीकर, तीन ईयरबड्स, एक फ्लिप कवर, परफ्यूम, सिगरेट और नकदी शामिल थी। कुल सामान की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सीपत थाना पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी (18 वर्ष 3 माह), निवासी बजौर बिटुपारा, थाना सरकंडा को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला जल्द सुलझ जाने पर क्षेत्र में पुलिस की सराहना की जा रही है।
Tags:    

Similar News