Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सूने मकान का शटर काटकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और नगदी सहित करीब 2.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
सूने मकान को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी पुरानी बस्ती निवासी प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 27 अगस्त 2026 को अपने घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने फोन कर बताया कि मकान का शटर गेट कटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद प्रार्थी ने 1 सितंबर को घर पहुंचकर जांच की। जांच में पता चला कि अज्ञात चोरों ने शटर गेट काटकर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे चांदी के ईंट, जेवरात, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी और मुखबिरों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी, घर में काम करने वाली महिला तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने पुराने चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखनी शुरू की।
निगरानी बदमाश पर गया शक
जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश भूपेंद्र उर्फ गजनी घटना स्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी करण तांडी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी करण तांडी को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के और नगदी रकम बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी शातिर चोर है और थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ चोरी और नकबजनी के चार पुराने मामले दर्ज हैं, जिनमें वह जेल जा चुका है। वहीं आरोपी करण तांडी के खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के दो मामले पहले दर्ज हो चुके हैं और वह जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी पिता स्व. रोहित पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी चौक गोपियापारा, थाना पुरानी बस्ती रायपुर।
करण तांडी पिता राजेश तांडी, उम्र 24 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे डबरीपारा कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती रायपुर।
Tags: