पत्नी ने ही की थी पति की हत्या, भतीजे को वारदात में किया शामिल

छग

Update: 2023-05-28 16:39 GMT
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला ने भतीजे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की योजना बना डाली। दोनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। दुर्ग पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्नी का कहना है कि उसका पति उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। साथ ही चरित्र शंका को लेकर उसे आए दिन झगड़ा करता था। इसी के चलते उसने ये कदम उठाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। भिलाई नगर सीएसपी निखिल राखेचा ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही उनकी टीम घटनास्थल स्टेशन मरोदा पहुंची। वहां मृतक संतोष कुमार साहू के घर को सील किया। साथ ही शव का निरीक्षण किया। इस दौरान घटनास्थल के पास टूटी हुई चुड़ी के टुकड़े पुलिस को मिले। पुलिस ने पाया कि संतोष साहू के गले पर चोट का निशान व संदेही उमा बाई साहू (42 वर्ष) निवासी बीआरपी कालोनी वरुण किराना दुकान के पास स्टेशन मरोदा थाना नेवई के गाल में खरोच के निशान थे। उमा संतोष साहू की पत्नी है। जांच में पाया गया कि संतोष की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने जब उसकी पत्नी उमा साहू से पूछताछ की तो उसने गोलमोल जवाब देना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की वो टूट गई और उसने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
उमा साहू ने बताया कि वो अपने पति संतोष साहू से काफी परेशान हो चुकी थी। वो उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। इतना ही नहीं चरित्र शंका को लेकर आये दिन उससे लड़ाई झगड़ा करता था। इससे वो काफी परेशान हो गई थी। इसलिए उसने अपने भतीजा लाकेश्वर साहू उर्फ लक्की (19 वर्ष) को ग्राम अण्डा से 27 मई को फोन करके बुलाया। दोनों ने मिलकर संतोष साहू की हत्या करने की योजना बनाई। इसके बाद लक्की ने पहले संतोष को साठ बैठाकर शराब पिलाया और फिर दोनों सोने चले गए। जब संतोष सो गया तो दोनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के दौरान संतोष ने बचने का प्रयास किया, इसमें उमा साहू के गाल में खरोच का निशाना आया और उसकी चूड़िया टूट गई। इसी निशान से हत्या का मामले का खुलासा हुआ। लक्की ने भी अपनी बुआ के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया है।
परिजनों को हुई शंका, पुलिस ने की तहकीकात
भिलाई नगर सीएसपी निखिल राखेचा ने बताया कि 28 मई की रात रोहित कुमार साहू निवासी दुर्ग ने नेवई थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ससुर संतोष कुमार साहू जो स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी में रहते हैं, उनकी मौत हो गई है। उनकी सास ने फोन करके बताया था कि सीने में दर्द होने के कारण उनकी मौत हुई है। उसने बताया कि मृतक के गले में दबाने के निशान है, इसलिए उन्हें लगता है कि उनकी हत्या की गई है। इसकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की।
Tags:    

Similar News