चाकू लेकर लोगों को डराने वाला बदमाश गिरफ्तार

छग

Update: 2025-08-17 17:56 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र के राजीव नगर महोबा बाजार इलाके में शनिवार 16 अगस्त की सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवक खुलेआम हाथ में धारदार चाकू लेकर घूमते हुए राहगीरों और स्थानीय लोगों को धमका रहा था। आरोपी की पहचान रेवा यादव उर्फ गोलू (24 वर्ष), निवासी डबरापारा, महोबा बाजार, थाना आमानाका, जिला रायपुर के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे आमानाका थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि) श्याम ठावरे को मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव नगर महोबा बाजार स्थित बृज के नीचे एक युवक हाथ में चाकू लहराते हुए खड़ा है। वह आने-जाने वालों को धमकाकर दहशत फैला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। जब पुलिस वहां पहुंची तो पाया कि युवक खुलेआम भीड़भाड़ वाले इलाके में चाकू लहराते हुए “मारकाट” की बात कहकर डर और दहशत का माहौल बना रहा था। स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों में भय का वातावरण निर्मित हो गया था।
पुलिस की कार्रवाई
सउनि श्याम ठावरे के नेतृत्व में आरक्षक ओमेश्वर डहरे (क्रमांक 1351) और अन्य स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। गवाह लखनलाल साहू और सुरेश यादव की मौजूदगी में आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया। जब आरोपी से वैध अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) पेश करने को कहा गया तो उसने कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया। लिहाजा मौके पर ही धारा 95 बीएनएसएस का नोटिस दिया गया और गवाहों के समक्ष चाकू को विधिवत जप्त कर कब्जे में लिया गया।
अपराध दर्ज
आमानाका पुलिस ने आरोपी रेवा यादव उर्फ गोलू के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध कायम कर लिया है। देहाती नालसी दर्ज करने के बाद आरोपी को थाना लाया गया। पुलिस ने घटना स्थल का नक्शा तैयार कर गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। आरोपी का कृत्य गंभीर माना जा रहा है क्योंकि उसके हरकतों से किसी भी वक्त कोई अप्रिय घटना घट सकती थी।
टीआई का बयान
आमानाका थाना प्रभारी ने बताया कि- “आरोपी रेवा यादव ने खुलेआम सार्वजनिक स्थल पर चाकू लहराते हुए लोगों को डराने का काम किया। यह गंभीर अपराध है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चाकू जप्त किया गया है। आगे की विवेचना जारी है।”
इलाके में दहशत
घटना के दौरान मोहल्ले और बाजार में काफी दहशत का माहौल बन गया था। लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी वारदात हो सकती थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चाकू लेकर लोगों को डराने के पीछे उसका मकसद क्या था। साथ ही आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Tags:    

Similar News